राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष विशाल बिरला ने दिया आंदोलन को समर्थन, प्रशासन से वार्ता कर समाधान निकालने की अपील
हरिद्वार, 18 अक्टूबर। गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ की गुरुकुल शाखा के बैनर तले अस्थायी कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल रविवार को 28वें दिन भी कुलसचिव कार्यालय परिसर में जारी रही। नियमितीकरण सहित विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
हड़ताल को समर्थन देने के लिए अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष विशाल बिरला और उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष सुनील राजोर भी धरनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलनरत कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि गुरुकुल कांगड़ी एक ऐतिहासिक आर्य समाज की संस्था है, जिसकी पहचान देश-विदेश में है। ऐसे प्रतिष्ठित संस्थान में लंबे समय से सेवाएं दे रहे अस्थायी कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को अपनी मांगों के लिए धरना-प्रदर्शन और हड़ताल का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे न केवल संस्थान की छवि प्रभावित होती है, बल्कि कार्यव्यवस्था पर भी असर पड़ता है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर वार्ता के माध्यम से समाधान निकालने की अपील की।
आर्थिक संकट से जूझ रहे कर्मचारी
अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ की गुरुकुल शाखा के अध्यक्ष सोनू कुमार ने धरने पर बैठे कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी अस्थायी कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से विश्वविद्यालय में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होने के कारण अब उनके सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से कर्मचारियों के साथ वार्ता कर उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
28 दिन से आंदोलन, समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
संगठन महामंत्री नवदीप भारद्वाज ने कहा कि अस्थायी कर्मचारी पिछले 28 दिनों से दिन-रात धरने पर बैठे हैं, लेकिन संगठन के अनुसार, अब तक प्रशासन की ओर से उनकी समस्याओं का कोई ठोस समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं, इसके बावजूद उनकी समस्याएं लंबित हैं।
राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष विशाल बिरला ने चेतावनी दी कि यदि बुधवार को वार्ता के माध्यम से समस्याओं का समाधान नहीं निकाला गया, तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा। संगठन ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही गई है।
ये रहे उपस्थित
धरनास्थल पर सोनू कुमार, संजय कुमार, नवदीप भारद्वाज, आनंद कुमार, जॉनी टांक, मनु गुप्ता, राजीव चौधरी, सुरेंद्र कुमार, सुधीर कुमार, अनूप कुमार, रोहित पाल, नवीन कुमार, तेजपाल, बृजेश कुमार, सागर तेश्वर, सुनील कुमार, कविता, शिक्षा और पूनम सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।

