धनतेरस का असली संदेश: धन तेरा, सब कुछ तेरा

धनतेरस का मतलब है- धन तेरा! संसार में यह प्रथा है कि श्री राम आने वाले हैं, इसलिए कुछ नया खरीदो। कुछ नया खरीदोगे तो श्री राम को भोग लगाओगे, क्योंकि आज ही के दिन श्री राम जी आए थे। जब श्री राम जी चौदह साल का वनवास काटकर अयोध्या आए, तो अयोध्यावासियों ने श्री राम जी के स्वागत में दीये जलाए थे। यदि हमारे घर कोई आने वाला हो, तो हम एक-दो दिन पहले खरीदारी करते हैं कि नहीं? जैसे नए बर्तन, कपड़े और सजावट का सामान। ठीक ऐसे ही कहीं ये प्रथा बनी जिसको हम ‘धनतेरस’ कहते हैं। इस दिन श्री राम के लिए खरीदारी की गई थी, इसीलिए ये प्रथा बनी- ‘धनतेरस! धनतेरस’ शब्द के अंदर ही कहीं न कहीं अर्थ छिपा है कि सब धन श्री राम का है, सब धन श्री राम का! जब मैं श्री राम कह रहा हूँ तो ये सिर्फ धनुष-बाण वाले श्री राम से नहीं है। श्री कृष्ण भी श्री राम हैं और संसार में जो भी संत हुए चाहे बुद्ध, महावीर, जीसस, कबीर, मोहम्मद, साईं बाबा, मीराबाई, सहजोबाई या लल्लाबाई, ये सब भी श्री राम हैं। क्योंकि उन्होंने जान लिया कि ये सारा धन तेरा है, “तेरा तुझको अर्पण क्या लागे मेरा”, तन, मन, धन तुझको अर्पण। ये धन कौन अर्पण कर रहा है? इस धन को ये तन अर्पण कर रहा है और विचार यानी मन। तन रूपी शरीर के अंदर मन रूपी विचार आए और हमने धन तुझको दे दिया। तन, मन और धन किसको अर्पण? श्री राम को! जो भगवान के लिए तन, मन और धन, इन तीनों को ही सुपुर्द कर देता है, वही सच्ची दिवाली है। क्योंकि सब कुछ तो परमात्मा का ही है; तन भी परमात्मा का, मन भी परमात्मा का और धन भी परमात्मा का। तुम्हारा तो कुछ है ही नहीं। इसलिए कहीं न कहीं तुम्हारे अंदर की दिवाली होनी ज़रूरी है, क्योंकि श्री राम तुम्हारे अंदर बसते हैं, बाहर नहीं। तुम्हारे शरीर में जो वो चेतन शक्ति है, वही श्री राम हैं। और अगर तुमने अंदर उस श्री राम को प्रकट कर दिया, तो हर रोज़ दिवाली है। भगवान बुद्ध ने कहा था, “अप्प दीपो भव:” यानी अपने दीपक खुद बनो, इसका अर्थ बाहर के दीपक से नहीं है, ये तो बस प्रतीक है! हर कथा एक संदेश देती है, पर तुम्हें वो संदेश समझ नहीं आता। तुम्हारे अंदर ही हैं श्री राम, क्योंकि “सब में है राम समाया”, श्री राम को बस प्रकट करना है; और जिसने श्री राम को प्रकट कर दिया, वही कहीं न कहीं उस सत् (सत्य) को उपलब्ध होता है। रावण है अहंकार, मैं-मेरा ही रावण है। बाहर की दुनिया में बिना ‘मैं-मेरा’ के खेल चल नहीं सकता है, परंतु अंदर जहाँ से खेल चल रहा है, वहाँ श्री राम की ज़रूरत है। श्री राम हैं स्थिरता और रावण है अस्थिरता। “स्थिर मन है ब्रह्म, अस्थिर मन है संसार”। तुम अंदर के रावण को कब बाहर करोगे? अगर तुम अंदर के रावण को बाहर कर दो तो हर पल श्री राम आ जाएँगे और जिसके संग श्री राम हैं फिर संग्राम कैसा? हमारे जीवन के अंदर जब तक हम सोने की चमक से दूर नहीं होंगे, तब तक हमारे जीवन में श्री राम नहीं आएंगे। इसलिए हमने श्री राम को वनवासी दिखाया क्योंकि वनवास ही श्री राम है। जब हमारे जीवन के अंदर कुछ नहीं बचता तो फिर श्री राम प्रकट होते हैं। अगर अंदर सांसारिक कबाड़ की भरावट है तो रावण रहेगा, तब श्री राम नहीं आ सकते हैं। अपने जीवन के अंदर श्री राम को प्रकट करना है, तो ऐसा भाव अंदर धारण करो, तभी एक दिन श्री राम से मिलन होगा, बिना धारण किये यह कैसे होगा? अगर हमने सोचा ही नहीं है कि हमें श्री राम को प्रकट करना है, तो राम कहाँ से आएँगे? इसलिए अपना पूरा का पूरा समय उस परमात्मा रूपी श्री राम को देना है। तभी कहा गया कि धनतेरस मतलब धन तेरा, थोड़ा- बहुत नहीं, सब कुछ तेरा! धन तेरा! तो जब धन तेरा हो गया, तो तन भी तेरा हो गया और मन भी तेरा हो गया; फिर जीवन अपने आप प्रकाशमय हो गयाI अंदर के रावण को बाहर करो और श्री राम जी को अंदर ले जाओ। और कुछ नहीं करना है, बस इतना ही है। इसलिए धनतेरस हमारे लिए एक संदेश है, दिवाली की तैयारी का; कि इस बार अपने को पूरा का पूरा मिटा डालना है। इस बार केवल लक्ष्मी पूजन नहीं, बल्कि हमें श्री राम को लाना है; इस बार श्री राम को प्रकट करना है। श्री राम प्रकट होंगे तो जीवन आनंद से भर जाएगा।
MAAsterG का अनमोल एवं आलौकिक ज्ञान उनके यूट्यूब चैनल ‘MAAsterG’ और ‘GOD HOME JOURNEY’ पर निशुल्क उपलब्ध है। MAAsterG गारंटी देते हैं की ३-३० लेक्चर सुनने से ही आपको अपने जीवन में परिवर्तन दिखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *