हरिद्वार ग्रामीण सीट पर भाजपा में बढ़ी चुनावी हलचल, युवा नेता शिवा चौहान ने पेश की मजबूत दावेदारी


हरिद्वार, वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव भले ही अभी दूर हों, लेकिन हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होती दिखाई देने लगी हैं। भाजपा किसान मोर्चा के जिला मंत्री एवं युवा नेता शिवा चौहान ने क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाते हुए हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी खुलकर पेश कर दी है। उनके समर्थन में रानीमाजरा गांव में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी ने क्षेत्र की राजनीति में नई चर्चा को जन्म दे दिया है।
बैठक के दौरान शिवा चौहान ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनसेवा और क्षेत्र के विकास के लिए वे लगातार जनता के बीच काम कर रहे हैं तथा भविष्य में भी यही उनकी प्राथमिकता रहेगी।
शिवा चौहान ने कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी उन्हें हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा से चुनाव लड़ने का अवसर देती है तो वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने क्षेत्र के सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और रोजगार जैसे मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही।
वहीं बैठक में मौजूद ग्रामीणों ने भी इस बार स्थानीय और जनता के बीच रहने वाले उम्मीदवार को टिकट देने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र की समस्याओं को वही व्यक्ति बेहतर ढंग से समझ सकता है जो स्वयं इसी क्षेत्र का निवासी हो और हर समय जनता के बीच उपलब्ध रहता हो। उन्होंने शिवा चौहान को क्षेत्र का जमीनी, युवा और संघर्षशील चेहरा बताते हुए कहा कि यदि भाजपा उन्हें प्रत्याशी बनाती है तो पार्टी को इसका लाभ मिल सकता है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा सीट पर अभी से चुनावी समीकरण बनने लगे हैं। वर्तमान में कांग्रेस की अनुपमा रावत इस सीट से विधायक हैं, जबकि भाजपा के पूर्व विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद भी क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। ऐसे में शिवा चौहान की दावेदारी ने भाजपा के भीतर राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है।
अब देखना यह होगा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा नेतृत्व हरिद्वार ग्रामीण सीट पर किस चेहरे पर भरोसा जताता है, लेकिन इतना तय है कि युवा नेता शिवा चौहान ने अपनी सक्रियता और जनसंपर्क के जरिए चुनावी मैदान में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *