बीएचईएल के शिवालिक गेस्ट हाउस में पहुंची सीबीआई की टीम, जांच में सहयोग करने की बात कही
हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर जारी जांच के बीच शनिवार को सीबीआई की टीम ने हरिद्वार में पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ से करीब तीन घंटे तक पूछताछ की। बीएचईएल स्थित शिवालिक गेस्ट हाउस में हुई पूछताछ के बाद सीबीआई की टीम वहां से रवाना हो गई। पूछताछ पूरी होने के बाद सुरेश राठौड़ भी वापस चले गए।
अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर उत्तराखंड में एक बार फिर चर्चाएं तेज हैं। भाजपा के पूर्व उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद इस मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल बढ़ने की चर्चा है। वहीं, अंकिता के माता-पिता ने दिल्ली में धरना देकर न्याय की मांग की थी और सीबीआई अधिकारियों से मुलाकात भी की थी। मामले में न्याय की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ और उनकी पत्नी उर्मिला सनावर की कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल होने के बाद सुरेश राठौड़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इस प्रकरण में उनकी गिरफ्तारी भी हुई थी। वहीं, उर्मिला सनावर से भी पूछताछ की गई थी। अब सीबीआई द्वारा सुरेश राठौड़ से की गई करीब तीन घंटे की पूछताछ ने मामले को फिर चर्चा में ला दिया है।
सीबीआई जांच में पूरा सहयोग किया: सुरेश राठौड़
पूछताछ के बाद पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ ने कहा कि उन्होंने सीबीआई की जांच में पूरा सहयोग किया है और अधिकारियों को सभी तथ्यों से अवगत कराया है।
उन्होंने कहा, “हमने सीबीआई की पूछताछ में जांच अधिकारियों का सहयोग किया है। जो भी जांच थी, उसमें हमने सत्य बता दिया है। सभी बातें उनके सामने रखी हैं। करीब un तीन घंटे तक बातचीत हुई। हमने पूरा सहयोग किया है और आगे भी सहयोग करेंगे।”
अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग के बीच अब सीबीआई की जांच और उससे जुड़े घटनाक्रम पर लोगों की निगाहें टिकी हैं।

