हरिद्वार। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान जूस कंट्री चौराहे पर उपकार माइक्रो फाइनेंस कंपनी एवं उपकार स्वयं सहायता फाउंडेशन के तत्वावधान में तृतीय विशाल कांवड़ भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में हजारों शिवभक्त कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं को हलवा-पूड़ी तथा कढ़ी-चावल का प्रसाद वितरित किया गया।
भंडारे में बड़ी संख्या में कांवड़ियों ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजकों को आशीर्वाद दिया। आयोजन में संस्था के पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों ने पूरे समर्पण के साथ सेवा कार्य किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, सेवा और भक्ति का वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर उपकार माइक्रो फाइनेंस कंपनी एवं उपकार स्वयं सहायता फाउंडेशन के निदेशक रायपाल सिंह ने कहा कि श्रावण मास में शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा करना सौभाग्य और पुण्य का कार्य है। सेवा से आत्मिक संतोष, सकारात्मक ऊर्जा एवं समाज सेवा की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि संस्था प्रत्येक वर्ष इसी भावना के साथ कांवड़ियों की सेवा के लिए भंडारे का आयोजन करती है।
भंडारे में हिंदू रक्षक दल के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ संजीता कांत टिंकू कुमार, सुमित कुमार, पंकज कुमार, नरेंद्र गुप्ता , रजत शर्मा, हेमंत कुमार एवं ममता शर्मा ने भी पूरे उत्साह और समर्पण के साथ कांवड़ियों की सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। सभी अतिथियों एवं स्वयंसेवकों ने सेवा भाव से शिवभक्तों को प्रसाद वितरित किया और आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
रायपाल सिंह ने भंडारे को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी समाजसेवियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी संस्था समाज सेवा एवं जनकल्याण के ऐसे कार्य निरंतर करती रहेगी।
कार्यक्रम के समापन पर भगवान भोलेनाथ से देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की गई।

