गुरुकुल कांगड़ी (सम विश्वविद्यालय) के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय में संचालित चार वर्षीय बी.टेक. पाठ्यक्रमों के द्वितीय वर्ष (लेटरल एंट्री) में प्रवेश हेतु

हरिद्वार, 25 जून।
गुरुकुल कांगड़ी (सम विश्वविद्यालय) के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय में संचालित चार वर्षीय बी.टेक. पाठ्यक्रमों के द्वितीय वर्ष (लेटरल एंट्री) में प्रवेश हेतु शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया 01 जुलाई 2026 से प्रारंभ की जाएगी। इस अवसर पर संकाय परिसर स्थित मैकेनिकल इंजीनियरिंग सभागार में प्रवेश परामर्श (काउंसलिंग) का आयोजन किया जाएगा।
संकायाध्यक्ष प्रो. मयंक अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जिन विद्यार्थियों ने किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से पॉलिटेक्निक डिप्लोमा अथवा बी.एससी. परीक्षा उत्तीर्ण की है, उनके लिए बी.टेक. के द्वितीय वर्ष में सीधे प्रवेश प्राप्त करने का यह एक उत्कृष्ट एवं सुनहरा अवसर है। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय का अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय अपनी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक प्रयोगशालाओं, अनुभवी शिक्षकों तथा उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण के लिए देशभर में प्रतिष्ठित स्थान रखता है।
प्रो. अग्रवाल ने बताया कि प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने समस्त शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की मूल प्रतियां एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ 01 जुलाई 2026 को प्रातः निर्धारित समय पर मैकेनिकल इंजीनियरिंग सभागार में उपस्थित होना होगा। काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों को विभिन्न बी.टेक. शाखाओं, उपलब्ध सीटों, पाठ्यक्रम की विशेषताओं, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट की संभावनाओं तथा विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान की जाने वाली सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में आधुनिक तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, शोध गतिविधियों, नवाचार, स्टार्टअप संस्कृति तथा उद्योगों के साथ समन्वय पर विशेष बल दिया जाता है। यही कारण है कि संकाय के छात्र विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं तथा प्रतिष्ठित संस्थानों एवं कंपनियों में रोजगार प्राप्त कर रहे हैं।
संकायाध्यक्ष ने सभी पात्र विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए काउंसलिंग में प्रतिभाग करें और गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *