भीतर का रावण जलाएँ, जीवन में राम प्रकट करें
आज दशहरा है। तो आज किसका वध हुआ? रावण यानी मायावी रावण का, जिससे माया का अंत हुआ, माया का वध हुआ और सत्य की जीत हुई।
श्री राम सत्य हैं, पर रावण को असत्य क्यों कहा गया? क्योंकि रावण कहीं भी कर्ता भाव के सिवाय कुछ नहीं था, उसमें अहंकार फूट-फूट कर भरा था। उसे सब वरदान भी भगवान से मिले, फिर भी वो भगवान के ही विरुद्ध खड़ा हो गया। भगवान से उसे सब कुछ मिला। उसके पास अपना कुछ भी ऐसा नहीं था, जो उसका खुद का हो। सब उसने परमात्मा से माँगा और परमात्मा ने ही दिया, फिर भी वो परमात्मा के ही विरुद्ध खड़ा हो गया ।
तुमको भी सब कुछ किससे मिला है? तुम कहते हो, मेरा ये घर है, मेरी ये माँ, मेरे पिता, मेरा भाई, मेरी बहन, मेरी दौलत और मेरा ये शरीर है। जो भी है, तुम्हें किससे मिला है? तुमने अपनी इन आँखों को, इन कानों को, नाक को, मुँह को और पाँव को कहाँ से खरीदा है? ये किसके कारण चलते हैं? तुमने सब कुछ उस परमात्मा से पाया, परंतु तुम्हारे पास भी वही अहंकार है।
आज एक रावण मर गया और वो हर साल मरता है और जलता है, क्योंकि रावणों की कोई कमी नहीं है। सिर्फ एक रावण नहीं जलता, अगर वो एक असली रावण जल जाए, तो हर साल एक नया राम पैदा होता दिखाई दे। राम लीलाएँ चल रही हैं, ये सब राम की ही लीला चल रही है।
रावण बहुत विद्वान था। उसका तप और उसका जप पूरी एकाग्रता से होता था। उसका धर्म और कर्म भी सात्विक था। परंतु उसमें अहंकार आ गया, उसने सत्य का श्रेय लेते हुए अपने को ही कर्ता मान लिया। पर तुम तो रावण भी नहीं हो, फिर भी तुम्हारे अंदर अहंकार है, कर्ता भाव है। तुम बाहर अपने आपको साधु दिखाते हो और अंदर से असाधु हो।
बाहर तुम खुद को भक्त कहते हो, बाहर तुम अपने आपको आस्तिक कहते हो, बाहर तुम अपने को ज्ञानी कहते हो, पर अंदर तुम्हारे पूरा कचरा पड़ा हुआ है। रावण कम से कम कहता था, “मैं हूँ”, तुम तो ये भी नहीं कहते। तुम बाहर से ‘ओम नमः शिवाय, ‘हरे राम, हरे राम’ करते हो, पर अंदर परिवर्तन कोई नहीं होता।
तुम बाहर जाकर रावण फूँकते हो, पर अपने अंदर के रावण को नहीं फूँकते। रामलीलाएँ देखना, बाहर के रावण फूँकना और बाहर के दशहरे मनाना, ये सब बाहरी खेल हैं। जैसे बच्चे खिलौनों से खेलते हैं, वैसे ही तुमने राम और रावण को भी खिलौना बना दिया है।
धनुष-बाण वाले श्री राम जी और तलवार वाला रावण, पर असली युद्ध तो तुम्हारे अंदर है। तुम्हारे अंदर अहंकार है, कर्ता भाव है, कब्जा भाव है। तुम कहते हो मेरा घर, मेरा परिवार, मेरा शरीर, पर सब कुछ परमात्मा का है।
जो परमात्मा का है, उस पर अपना कब्जा करते ही तुम्हारे जीवन में दुख आ जाता है। हमें परमात्मा का जो कुछ भी है, उसे परमात्मा को ही सौंप देना है। “तन, मन, धन तुझको अर्पण क्या लागे मेरा”- यही सच्चा दशहरा है।
आज अपने अंदर के रावण को जलाओ, अपने अहंकार को जलाओ, अपनी चिता जलाओ। तुम्हारी आज चिता जलेगी तो कल तुम्हारा राम प्रकट हो जाएगा। आज ही तुम्हारे जीवन में दीये जल जाएँगे। बाहर के दीये तो बुझ जाएँगे, पर अंदर का दीपक जल गया, तो वही सच्चा प्रकाश है।
जिस दिन तुमने जान लिया कि सब परमात्मा का है, मेरा कुछ नहीं, उसी दिन घटना घट जाती है। उसी दिन दशहरा हो जाता है। उसी दिन सत्य की जीत हो जाती है। इसलिए ‘असत्य पर सत्य’ की जीत ही दशहरा है। अगर तुम अपने अंदर के रावण को जला दोगे, अपने अहंकार को समाप्त कर दोगे, उसी दिन तुम्हारे जीवन में राम प्रकट हो जाएँगे। वही सच्ची विजयादशमी होगी। वही जीवन की सच्ची जीत होगी।
MAAsterG का अनमोल एवं आलौकिक ज्ञान उनके यूट्यूब चैनल ‘MAAsterG’ पर निशुल्क उपलब्ध है। MAAsterG गारंटी देते हैं कि ३-३० लेक्चर सुनने से ही आपको अपने जीवन में परिवर्तन दिखेगा।
भीतर का रावण जलाएँ, जीवन में राम प्रकट करें

