वाल्वो में लगी अचानक आग मची अफरा तफरी सभी यात्री सुरक्षित

हरिद्वार-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार तड़के एक वोल्वो बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 32 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस संख्या MP44 ZC 6994 (महालक्ष्मी फिलिप्स वोल्वो) देहरादून से ऋषिकेश होते हुए दिल्ली और जयपुर की ओर जा रही थी। सुबह करीब 4 बजे क्रिस्टल वर्ल्ड से आगे और पुलिस चौकी शांतारशाह से लगभग 200 मीटर पहले बस में तकनीकी खराबी के कारण अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
बस चालक अरुण कुमार तथा परिचालक रिंकू पुत्र लाल सिंह निवासी कंचनपुर, धौलपुर (राजस्थान) ने तत्काल यात्रियों को बस से बाहर निकाला। बस में सवार सभी 32 यात्री सुरक्षित बाहर आ गए, हालांकि उनका सामान और लगेज बस में ही रह गया। आग की चपेट में आने से बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद रुड़की से फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया। पुलिस और फायर सर्विस के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया गया।
पुलिस के अनुसार बस में दो विदेशी नागरिक भी सवार थे, जिन्हें भी सुरक्षित निकाल लिया गया। चालक ने प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण इंजन की तरफ से तकनीकी खराबी बताया है। मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने सभी यात्रियों के लिए वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था कर उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। यात्रियों ने संकट की घड़ी में त्वरित सहायता और बेहतर प्रबंधन के लिए हरिद्वार पुलिस और उत्तराखंड पुलिस का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *