पहाड़ी जनकल्याण ट्रस्ट पहाड़ी महासभा की अध्यक्ष मुस्कान नेगी ने लगाया एचआरडीए और एमडीडीए में भ्रष्टाचार का आरोप
राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित कर कार्रवाई और जांच की मांग की
हरिद्वार, 25 जून। एचआरडीए और एमडीडीए में भ्रष्टाचार और भवन स्वामियों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पहाड़ी जनकल्याण ट्रस्ट महिला पहाड़ी महासभा की अध्यक्ष मुस्कान नेगी ने संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन कर राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित किया। इस दौरान मुस्कान नेगी ने एचआरडीए के वरिष्ठ अधीक्षण अभियंता राजन सिंह को तत्काल प्रभाव से पद से हटाने और जांच की मांग करते हुए आरोप लगाया कि एचआरडीए और एमडीडीए में आम जनता का शोषण चरम पर है। बिना सुविधा शुल्क के कोई काम नहीं होता है। भवन निर्माण के लिए नक्शा पास करवाने के लिए आवेदन करने वाले लोगों को जानबूझकर भ्रमित किया जाता है। नीति के अनुसार प्रक्रिया को सरल बनाने के बजाय अधिकारियों द्वारा भवन स्वामियों को डराया-धमकाया जाता है। बार-बार विरोध के बावजूद जनता के लिए कोई भी सरल योजना विकसित नहीं की जा रही है। मुस्कान नेगी ने राज्य में भ्रष्टाचार के प्रति सरकारी एजेंसियों के रवैये पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध बने आयोग, विजिलेंस और एसआईटी जैसी संस्थाएं मूकदर्शक बनी हुई हैं और कोई व्यापक कार्रवाई करने में विफल साबित हो रही हैं। भ्रष्टाचार अब अपनी चरम सीमा पार कर चुका है। उन्होंने कहा कि एचआरडीए के वरिष्ठ अधीक्षण अभियंता राजन सिंह को तुरंत पद से हटाया जाए। अधीक्षण अभियंता के पद पर उत्तराखंड के किसी मूल निवासी या पर्वतीय व्यक्ति को ही जिम्मेदारी दी जाए। एचआरडीए में व्याप्त भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच करायी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि संगठन की मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गयी तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। हिंदू रक्षक दल के राष्ट्रीय प्रमुख नवीन अग्रवाल एवं स्वच्छता सेवा समिति के अध्यक्ष कन्हैया चंचल ने कहा कि एचआरडीए और एमडीडीए में आम जनता के शोषण और भ्रष्टाचार को सहन नहीं किया जाएगा। सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई करे। ज्ञापन देने वालो में बबीता, किरण, आशीष कालरा, रायपाल, मुकुल, सुमित, अनिल कुमार, अश्वनी कुमार, राजेश सिंह, पुनित, रामपाल, टिंकू, किरण, सचिन पंकज आदि सहित सैकडों लोग शामिल रहे।
पहाड़ी जनकल्याण ट्रस्ट पहाड़ी महासभा की अध्यक्ष मुस्कान नेगी ने लगाया एचआरडीए और एमडीडीए में भ्रष्टाचार का आरोप

