भारतीय किसान यूनियन धर्मेन्द्र की किसान महापंचायत में किसानों की समस्याओं पर मंथन, 16 सूत्रीय मांग पत्र प्रधानमंत्री को भेजा गया
हरिद्वार, 13 जून 2026।
भारतीय किसान यूनियन धर्मेन्द्र द्वारा अलखनंदा ग्राउंड, हरिद्वार में आयोजित दो दिवसीय “किसान चिंतन शिविर एवं किसान महापंचायत” का समापन किसानों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर 16 सूत्रीय मांग पत्र पारित कर किया गया। यह मांग पत्र जिलाधिकारी हरिद्वार के माध्यम से भारत सरकार को प्रेषित किया गया।
महापंचायत को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं भारतीय किसान यूनियन धर्मेन्द्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि आज किसान बढ़ती उत्पादन लागत, महंगी बिजली, डीजल-पेट्रोल की कीमतों, आवारा पशुओं, प्राकृतिक आपदाओं तथा फसलों का उचित मूल्य न मिलने के कारण गंभीर संकट से गुजर रहा है। सरकार को किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करना चाहिए, अन्यथा किसान देशव्यापी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय महामंत्री राकेश सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप यादव, राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुरेश तिवारी, प्रदेश प्रभारी मायाराम यादव, प्रदेश महामंत्री कौशलेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष लखनऊ गिरीश द्विवेदी, जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा संगीत रावत, राष्ट्रीय सलाहकार अकबाल शंकर पांडे सहित विभिन्न राज्यों एवं जनपदों से आए पदाधिकारियों और हजारों किसानों ने भाग लिया।
महापंचायत में पारित 16 सूत्रीय मांग पत्र में स्मार्ट मीटर योजना वापस लेने, किसानों के बिजली बिल माफ करने, डीजल पर सब्सिडी देने, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार MSP गारंटी कानून लागू करने, कृषि ऋण माफी, गन्ना भुगतान, सिंचाई व्यवस्था सुधारने, आवारा पशुओं से सुरक्षा, कृषि यंत्रों पर अनुदान, भूमि अधिग्रहण पर उचित मुआवजा तथा जल जीवन मिशन के कार्यों की उच्चस्तरीय जांच जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी किसान नेताओं ने एक स्वर में कहा कि यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो देशभर में व्यापक किसान आंदोलन चलाया जाएगा।
जारीकर्ता :
धर्मेन्द्र सिंह
राष्ट्रीय अध्यक्ष
भारतीय किसान यूनियन धर्मेन्द्र
हरिद्वार, उत्तराखंड
13 जून 2026
महापंचायत में किसानों की समस्याओं पर मंथन, 16 सूत्रीय मांग पत्र प्रधानमंत्री को भेजा गया धर्मेंद्र

